उत्‍तराखंड में अब जल्द ही उड़ान योजना के तहत सस्ती दरों पर हवाई यात्रा

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: प्रदेश में अब जल्द ही उड़ान योजना के तहत सस्ती दरों पर हवाई जहाज के साथ ही हेलीकॉप्टर सेवाओं का लाभ मिलने लगेगा। इसके संचालन के लिए केंद्र में अभी कंपनी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। योजना के तहत देहरादून, मसूरी,  केदार घाटी, हल्द्वानी व पिथौरागढ़ तक हेली सेवा संचालित की जानी प्रस्तावित हैं।

प्रदेश में इसी वर्ष अप्रैल से देहरादून-पंतनगर के बीच सस्ती दरों पर केंद्र की उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा शुरू की जानी है। हवाई सेवा को एयर डेक्कन संचालित करेगी। इसके बाद प्रदेश में सात स्थानों पर बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सेवाएं भी संचालित की जानी है। पहले यह तय हुआ था कि हेलीकॉप्टर सेवा देने वाली कंपनी को राज्य में दस स्थान मुहैया कराए जाएंगे।

कंपनी विभिन्न तय गंतव्य के लिए सप्ताह में दो बार अपनी सेवाएं देंगी। इसके तहत गढ़वाल में नई टिहरी, श्रीनगर, गोपेश्वर और देहरादून में सहस्त्रधारा हेलीपैड तथा कुमाऊं मंडल में हल्द्वानी, अल्मोड़ा बागेश्वर एवं धारचूला में हेली सेवाएं शुरू होंगी। अब यह प्रक्रिया अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है।

अभी हेली सेवा शुरू करने वाली कंपनी का चयन होना शेष रह गया है। माना जा रहा है कि शुरुआती चरण में सहस्त्रधारा, मसूरी, हल्द्वानी व धारचूला, पिथौरागढ़ में इन हवाई सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इसमें खास यह कि केदारनाथ धाम में प्रतिवर्ष चलाई जाने वाली हवाई सेवा के अलावा देहरादून से केदारनाथ घाटी तक भी हेली सेवा प्रस्तावित की गई है।

हाल ही में इसे लेकर प्रदेश व केंद्र सरकार के अधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इसमें यह बताया गया कि जल्द ही उत्तराखंड में हेली सेवाएं शुरू की जाएंगी, हालांकि यह हेली सेवा कौन सी कंपनी संचालित करेगी इस पर बिडिंग डॉक्यूमेंट खुलने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.