धर्म नगरी मैं बढ़ता नशे का कारोबार
हरिद्वार। धर्मनगरी में स्मैक तस्करी का धंधा बड़ी तेजी से बढ़ रहा हैं। कई युवा इसकी गिरफ्त में हैं। कनखल ,हरिद्वार ,ज्वालापुर में कई स्मैक तस्कर खासे सक्रिय हैं। इस स्मैक की सौदागिरी से पुलिस विभाग भी खासा परेशान हैं। नशा आज गंभीर समस्या बन गई है। इससे कई परिवार और जिंदगी बर्बाद हो रही है। खासकर युवा पीढ़ी पर इसका ज्यादा असर देखा जा रहा है। निरंतर बढ़ते नशे के प्रचलन से युवा पीढ़ी खोखली होती जा रही है। पुलिस की ओर से नशे के सौदागरों की धरपकड़ के लिए समय-समय पर अभियान तो चलाए जाते हैं। बावजूद इसके नशे का प्रचलन थम नहीं पा रहा है। कई अवैध कारोबारी पुलिस को चकमा देकर नशा बांटकर नौजवानों की जिंदगी को बर्बाद कर रहे हैं। इसकी रोकथाम व धरपकड़ के लिए पुलिस ने अभियान चलाया हुआ हैं। इसी अभियान के तहत नगर पुलिस व एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर बस अड्डे से सहारनपुर निवासी महिला को एसटीएफ व नगर पुलिस ने लगभग आधा किलो स्मैक के साथ पकड़ा हैं। पकड़ी गई स्मैक का बाजारी भाव 30 से 40 लाख रूपए बताया जा रहा हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्मैक तस्करी के आरोप में पकड़ी गई महिला ने तस्करी कर लाई गई स्मैक हरिद्वार सहित अन्य स्थानों पर बेचनी थी। लेकिन इससे पहले ही हरिद्वार बस अड्डे पर पुलिस टीम ने इस महिला तस्कर को दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार महिला ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से स्मैक की खरीददारी की थी। हरिद्वार में कौन-कौन लोग उसके संपर्क में थे ? और उसे यहां किसे स्मैक की सप्लाई देनी थी? ऐसे सवाल हैं जिनके जबाब के लिए पुलिस को खासा मशक्कत करनी पड़ेगी। महिला की धरपकड़ के बाद इतना जरूर हैं कि हरिद्वार में लिप्त स्मैक तस्कर फिलहाल पुलिस की रडार पर हैं और महिला की फोन रिकार्ड कॉल पुलिस के लिए कारगर सिद्ध हो सकती हैं।