माता वैष्णो देवी के दरबार में नए साल की पहली बर्फबारी
श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में नए साल में पहली बर्फबारी का यात्रियों ने मजा लिया। खराब मौसम से कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा दिनभर प्रभावित रही।
पर्यटक स्थल नत्थाटाप और पतनीटाप में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। राज्य के कई मैदानी इलाकों में बारिश से सर्दी ने जोर पकड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
धर्मनगरी वैष्णो देवी में त्रिकुटा पहाड़ियों के साथ भवन, सांझीछत और भैरो घाटी क्षेत्र में बर्फबारी हुई। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम तक 14 हजार यात्रियों का पंजीकरण हो चुका था। कुछ उड़ानों के बाद सुबह दस बजे खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा को बंद किया गया।
मौसम साफ न होने से बड़ी संख्या में चॉपर सेवा के यात्रियों को घोड़े और पालकी का सहारा लेना पड़ा। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई हिस्सों में बारिश के चलते वाहनों की गति धीमी रही। उधमपुर, रामबन, बनिहाल में कई जगहों पर पहाड़ों से गिरते पत्थर और भूस्खलन चुनौती रहे हैं।
कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर सहित अन्य कई स्थानों पर शाम को बर्फीली हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ। जिला कठुआ के बिलावर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। जम्मू में दिनभर रुक रुक कर बारिश होती रही।