देहरादून। मसूरी में गत दिवस लगातार हुई दिनभर की बारिश ने शहर में जुल्मोंसितम बरपा दिया। शहर में जगह-जगह हुए भूस्खलन से कई मार्ग बंद हो गए। देहरादून मसूरी रोड पर 50 मीटर धरती लैंड स्लाइडिंग के चलते नीचे धंस गई। आज सुबह से छोटे वाहनों की आवाजाही तो खोल दी गई परन्तु चौपहिया वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र असवाल ने बताया कि मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित गुच्चूपानी वाले मोड पर भूस्खलन की वजह से रास्ता बंद हो गया जिसे खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर टिहरी बाईपास मार्ग बासा घाट के पास क्षतिग्रस्त हो गया। यह रास्ता लगातार भूस्खलन की चपेट में आने से संकरा हो गया है, जिससे वाहनों के आवगमन में परेशानी हो रही है। लक्ष्मणपुरी में भूस्खलन के बाद मलबा घर के ऊपर आ गिरा, जिससे मकान को आंशिक रूप से नुकसान हुआ।