पीएम मोदी ने आज किया प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मल्टी माडल कनेक्टिविटी मास्टर प्लान का शुभारंभ

नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली के प्रगति मैदान में प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मल्टी माडल कनेक्टिविटी मास्टर प्लान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हम, अगले 25 वर्षों के भारत की बुनियाद रच रहे हैं।

पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान, भारत के इसी आत्मबल को,आत्मविश्वास को, आत्मनिर्भरता के संकल्प तक ले जाने वाला है।ये नेशनल मास्टरप्लान, 21वीं सदी के भारत को गतिशक्ति देगा।गतिशक्ति के इस महाअभियान के केंद्र में हैं भारत के लोग, भारत की इंडस्ट्री, भारत का व्यापार जगत, भारत के मैन्यूफैक्चरर्स, भारत के किसान है। ये भारत की वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को 21वीं सदी के भारत के निर्माण के लिए नई ऊर्जा देगा, उनके रास्ते के अवरोध समाप्त करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहां कि पीएम गतिशक्ति मास्टर प्लान सरकारी प्रोसेस और उससे जुड़े अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स को तो एक साथ लाता ही है, ये ट्रांसपोर्टेशन के अलग-अलग मोड्स को, आपस में जोड़ने में भी मदद करता है।ये होलिस्टिक गवर्नेंस का विस्तार है ।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन में नए प्रदर्शनी परिसर का उद्धाटन किया साथ ही नये प्रदर्शनी परिसर माडल को भी देखा।

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहा कि भारत तेजी से प्रगति के पथ पर है और प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि का प्रतीक है। इस मास्टर प्लान से देश में बुनियादी ढांचे का नया प्रारूप उपलब्ध होगा और चल रही योजनाओं को मूर्तरूप देने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रालयों, राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के समन्वय से यह मास्टर प्लान बनाया गया है। गोयल ने कहा कि एनडीए सरकार देश के लोगों के लिए जीएसटी, आधार, रुपे कार्ड, वन नेशन वन राशन कार्ड सहित कई योजनाएं लेकर आयी।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को 15 महीनों के लिए मुफ्त राशन मिला है।