जन-जन तक पहुंचेगा विकास का संदेश: धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर 4 जुलाई से प्रदेशव्यापी अभियान, ऋषिकेश से होगा आगाज

ऋषिकेश, 3 जुलाई।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 4 जुलाई को आईडीपीएल, ऋषिकेश से होगी। इस संबंध में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” थीम पर आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऋषिकेश में होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।
प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और लाभकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान अग्रवाल ने धामी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2022 से अब तक सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। इसके अलावा भू-कानून, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण फैसले सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी प्रत्येक दिल्ली दौरे से प्रदेश के लिए नई योजनाएं और परियोजनाएं लेकर आते हैं। उन्होंने ऑल वेदर रोड परियोजना, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे कार्यों को केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तड़ियाल, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता, कविता शाह, दीपक धमीजा, दिनेश सती सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

