हल्द्वानी में ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ का संकल्प, जागरूकता दौड़ को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी (नैनीताल)। 12 अप्रैल 2026
प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत रविवार को हल्द्वानी में आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “ड्रग फ्री उत्तराखंड” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैरा, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिऐ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया और समाज के हर वर्ग को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन ने स्पष्ट संकेत दिया कि उत्तराखंड नशे के खिलाफ एक मजबूत जनआंदोलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

