Newsताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

तिरंगे के रंग में रंगा छिद्दरवाला, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

ओणेश्वर महादेव मंदिर से वन चौकी तक गूंजे देशभक्ति के नारे, हाथों में तिरंगा लेकर उमड़े कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी

ऋषिकेश/रायवाला, 11 अगस्त।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ओणेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए वन चौकी के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर यात्रा की अगुवाई की। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग देश के गौरव, त्याग, साहस और समृद्धि की भावना को अभिव्यक्त करते हैं, जबकि अशोक चक्र निरंतर प्रगति और कर्तव्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि तिरंगे में देश के वीर सपूतों का बलिदान, राष्ट्र की एकता और करोड़ों देशवासियों की देशभक्ति की भावना समाहित है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। प्रत्येक नागरिक के मन में देश के प्रति सम्मान, समर्पण और गौरव की भावना मजबूत होनी चाहिए।
डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत करना है।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा। तिरंगे के साथ युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने यात्रा को विशेष रूप से भव्य बना दिया।
इस अवसर पर रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, मंडल महामंत्री मनोज डंगवाल, पूर्व ग्राम प्रधान सोबन कैंतुरा, पूर्व सैनिक अंबर गुरुंग, उप प्रधान उत्तम भंडारी, अनीता राणा, शमा पंवार, सुनीता नेगी, हुकुम रांगड़, फूल सिंह बगियाल, अजय साहू, अंबर खत्री, सचिता खत्री, संगीता गुरुंग, पर्मिला बिष्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।