मंडी में दुकानों के आवंटन पर उठे सवाल, आढ़तियों ने विधायक अग्रवाल से लगाई गुहार

अवैध आवंटन और पारदर्शिता के अभाव का आरोप, 13 साल से तैनात कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर भी शिकायत
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल बोले—मंडी व्यवस्था में अनियमितता बर्दाश्त नहीं, निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा
ऋषिकेश, 8 अगस्त। ।
कृषि मंडी समिति ऋषिकेश में दुकानों के आवंटन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। मंडी के आढ़तियों ने दुकानों के कथित अवैध आवंटन और प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में आढ़तियों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। आढ़तियों ने आरोप लगाया कि मंडी में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिसके चलते वास्तविक पात्र लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र आढ़तियों को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने मंडी में पिछले 13 वर्षों से कार्यरत एक कर्मचारी की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। आढ़तियों का आरोप था कि संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का अपेक्षित रूप से निर्वहन नहीं किया जा रहा है, जिससे मंडी की व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित स्तर पर मामले को संज्ञान में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विनोद जायसवाल, ऋषि जायसवाल, मयंक गुप्ता, राहुल जायसवाल, अखिलेश मौर्या, नवीन शर्मा, सुभाष गुप्ता, धर्मजीत अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, मनदीप गुप्ता, मनदीप सिंह, चंदू चौरसिया, संदीप खुराना, खैराती लाल, हर्षित सहित बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।

