नाबालिगा के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को पुरोला पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तरकाशी /11 मई 2026
Lok Kesari News
पुरोला थाना क्षेत्र में नाबालिगा के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 की प्रातः एक व्यक्ति द्वारा थाना पुरोला में अपनी नाबालिग पुत्री के 9 मई से घर से बिना बताए लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने पतारसी, सुरागरसी एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए देर शाम मोरी क्षेत्र के एक गांव से नाबालिगा को सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 137(2), 64 बीएनएस तथा 5(ठ)/6 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई।
मामले में आरोपी युवक गोविन्द राम (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।
