उत्तराखंड में बर्फबारी व हिमस्खलन का अलर्ट, प्रशासन सतर्क

देहरादून, 20 मार्च।
राज्य में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा जारी सूचना के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन की संभावना जताई गई है।
जारी चेतावनी में बताया गया है कि रक्षा भू-सूचना अनुसंधान प्रतिष्ठान, चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार 20 मार्च से 21 मार्च तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। इनमें उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग को डेंजर लेवल-3 तथा बागेश्वर को लेवल-1 श्रेणी में रखा गया है।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे
अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही घरों की छतों पर जमी बर्फ को समय-समय पर हटाने, ढलानों और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

