नेपाल त्रासदी: छिद्दरवाला में श्रद्धांजलि सभा, पीड़ित परिवारों के लिए की प्रार्थना

ऋषिकेश।
नेपाल में आई भीषण त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए छिद्दरवाला में शुक्रवार देर शाम श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और मोमबत्तियां जलाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। संकट की इस घड़ी में भारत की संवेदनाएं नेपाल के लोगों और पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मानवता के नाते सभी का दायित्व है कि दुख की इस घड़ी में पड़ोसी देश के साथ मजबूती से खड़ा रहा जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार द्वारा नेपाल को उपलब्ध कराई जा रही राहत सहायता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत संकट की हर घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने त्रासदी में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और हजारों लोगों के लापता होने पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा लापता लोगों के सकुशल मिलने की प्रार्थना की।
डॉ. अग्रवाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गोकुल रमोला, मोहर सिंह असवाल, शैलेंद्र रांगढ़, भावना गुरुंग, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा, राकेश रावत, उपप्रधान अमर खत्री, उत्तम भंडारी, कुंवर सिंह गुसाईं, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष किशन थापा, मंदिर समिति अध्यक्ष धीरज थापा और तीज समिति अध्यक्ष संगीता गुरुंग सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

