गंगा व शारदा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून। 8 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और अगले छह माह में कार्यों की स्पष्ट प्रगति दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूआईआईडीबी का गठन राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर कर कार्यों को सरल बनाने पर भी जोर दिया, ताकि योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकें।
मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर योजना के लिए भूमि उपलब्धता के साथ ही क्षेत्र की भूस्खलन संवेदनशीलता का अध्ययन कर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा नदी के किनारे रिवर फ्रंट और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा स्वच्छता और हरिद्वार-ऋषिकेश के घाटों के सौंदर्यीकरण पर प्राथमिकता से कार्य करने को कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, बृजेश संत, धीराज गर्ब्याल, रणवीर सिंह चौहान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, विशेष सचिव अजय मिश्रा एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

