गजा स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण से दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं: उनियाल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने पर क्षेत्रवासियों ने जताया आभार, नगर पंचायत गजा में सभासदों के मनोनयन का भी किया स्वागत
गजा।
राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने तथा नगर पंचायत गजा में सभासदों के मनोनयन पर क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की।
क्षेत्रवासियों के स्नेह और आभार के लिए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनका हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गजा के स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकरण क्षेत्रवासियों को अधिक सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण से गजा क्षेत्र के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को भी इसका लाभ मिलेगा।
उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत गजा में सभासदों के मनोनयन से स्थानीय निकाय व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए नरेंद्रनगर विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

