Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

सावन की हरियाली में सजा तीज का रंग, मोना पुरोहित बनीं तीज क्वीन

ऋषिकेश/मुनिकीरेती
14 अगस्त 2026

देहरादून रोड स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में शुक्रवार को मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की महिलाओं ने तीज हरियाली महोत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया। वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण एवं नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की ओर से आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विभिन्न प्रतियोगिताओं के बीच मोना पुरोहित ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। गढ़वाली नृत्य, गायन और रैंप वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने समारोह में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, त्याग, समर्पण और सांस्कृतिक एकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि झूला, लोकगीत और मेहंदी हमारी लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर हैं। सावन की फुहारों और हरियाली के बीच मनाया जाने वाला यह पर्व जीवन में नई उमंग और उल्लास लेकर आता है। साथ ही यह भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की स्मृति से जुड़ा है, जो प्रेम, विश्वास और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने और लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सभासद स्वाति पोखरियाल, निशा नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमिता उनियाल, इंद्रा आर्य, मीना मंदवाण, दर्शनी भंडारी, ज्योति उनियाल, पदमा सेमवाल, सुषमा नौटियाल, सुमन नैथानी, प्रमिला बिजल्वाण, टीनू गौड़, मोना पुरोहित, किरन चौहान, आरती चौहान, पूनम मैठाणी, उर्मिला ममगाईं, निशा कौशिक, अंकिता बहुगुणा, अंबिका रावत, मंजीता रतूड़ी, संतोष गौड़, गीता खरोला, अनुराखी गौड़, कंचन कोठारी, अर्चना बिजल्वाण, सुषमा नेगी, ऐला रावत, सरस्वती रावत, सरस्वती जोशी, गौरी महर, पुड्ढा असवाल, संगीता, ऋतु, बबीता नौटियाल, बीना, सरिता, अनिता, सविता, रेशमा, सोनम, सुंदरी देवी, विजयलक्ष्मी, सुंदरी बिजल्वाण, कल्पना कुकरेती, बबली, रोशनी, शाकुंभरी, अमाया, सुलोचना, परमेश्वरी, कविता बहुगुणा, सरला बहुगुणा, सुरेंद्र भंडारी, राजीव गौड़, सुधीर पंचभैया, संजय बडोला, मदन बडोनी, मोहित चौहान, सागर बलूनी, सुजीत कुड़ियाल आदि मौजूद रहे।