शिवपुरी के युसूफ बीच पर डूबे तमिलनाडु के युवक का शव 5 दिन बाद मिला, एसडीआरएफ ने फूलचट्टी के पास किया बरामद

ऋषिकेश/ 11 अप्रैल 2026
ऋषिकेश : शिवपुरी क्षेत्र के युसूफ बीच पर गंगा नदी में डूबे तमिलनाडु के युवक का शव पांच दिन बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाते हुए शनिवार को फूलचट्टी क्षेत्र के पास युवक का शव ढूंढ निकाला।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को युसूफ बीच पर स्नान करते समय एक युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव के कारण युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि टीम ने 6 अप्रैल से लगातार गंगा नदी के संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के कई हिस्सों में खोजबीन की गई।
लगातार प्रयासों के बाद 11 अप्रैल शनिवार को एसडीआरएफ टीम को फूलचट्टी क्षेत्र के पास युवक का शव मिला। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की पहचान विजय रवि (28 वर्ष) पुत्र रवि, निवासी थिरुमुदिवक्कम, जिला कांचीपुरम (तमिलनाडु) के रूप में की।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया और माहौल गमगीन हो गया।
