वीकेंड पर मसूरी-ऋषिकेश जाने वालों के लिए बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू, 130 पुलिसकर्मी और ड्रोन से होगी निगरानी

देहरादून, 15 मई। वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और देहरादून में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 16 और 17 मई 2026 के लिए विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने और यात्रियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने शहर और पर्वतीय मार्गों को कई जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर व्यापक यातायात व्यवस्था तैयार की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तैयार इस विशेष प्लान के तहत आशारोड़ी से मसूरी और डोईवाला से ऋषिकेश तक पूरे मार्ग को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टरों में बांटा गया है। यातायात संचालन के लिए कुल 130 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मसूरी, देहरादून शहर और प्रमुख मार्गों पर निगरानी के लिए 2 ड्रोन टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
पुलिस के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रुड़की, हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश और चकराता पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रूट प्लान और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
मसूरी और चकराता के लिए अलग रूट व्यवस्था
डाटकाली और एक्सप्रेस-वे से मसूरी जाने वाले वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी, बल्लूपुर, कैन्ट और कुठालगेट मार्ग से भेजा जाएगा। यातायात बढ़ने की स्थिति में वाहनों को किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग से मसूरी डायवर्ट किया जाएगा। वहीं चकराता जाने वाले वाहनों को जीएमएस रोड, नया गांव, सिंघनीवाला और लांघा रोड से भेजने की व्यवस्था बनाई गई है।
ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी आने वाले वाहनों के लिए एयरपोर्ट तिराहा, थानो रोड, सहस्त्रधारा, आईटी पार्क और कुठालगेट रूट निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक दबाव अधिक होने पर मियांवाला, नत्थूवाला और नेपाली फार्म से वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएंगे।
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी
देहरादून शहर में पेसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। ट्रैफिक बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा ताकि जाम की स्थिति न बने।
मसूरी में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया है। पहले चरण में वाहनों को सामान्य रूप से मसूरी शहर में प्रवेश दिया जाएगा। पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत तक भरने पर पर्यटकों के वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा, जहां से लोकल टैक्सी के माध्यम से उन्हें गंतव्य तक भेजा जाएगा। यदि किंग क्रेग पार्किंग भी भर जाती है तो वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ऋषिकेश के लिए तीन स्तरीय ट्रैफिक प्लान
वीकेंड के दौरान ऋषिकेश और तपोवन क्षेत्र में भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने Plan-A, Plan-B और Plan-C लागू किए हैं। सामान्य दबाव की स्थिति में वाहनों को रायवाला, नेपाली फार्म, नटराज चौक, भद्रकाली और तपोवन बाईपास से भेजा जाएगा।
यदि ट्रैफिक अधिक बढ़ता है तो वाहनों को लालतप्पड़, भानियावाला और रानीपोखरी के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। अत्यधिक दबाव होने पर नरेंद्रनगर मार्ग से भी ट्रैफिक संचालित किया जाएगा।
वीकेंड समाप्त होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले पर्यटकों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। हरिद्वार जाने वाले वाहनों को चीला मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि देहरादून और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को तपोवन और नटराज चौक के रास्ते निकाला जाएगा।
भारी वाहनों पर भी रहेगा नियंत्रण
ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में नेपाली फार्म से भारी वाहनों को देहरादून की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऋषिकेश शहर में रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही भारी वाहनों को प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा मुनिकीरेती और श्यामपुर क्षेत्र में भी आवश्यकता अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी।
पार्किंग स्थलों की भी व्यापक व्यवस्था
देहरादून, ऋषिकेश, मसूरी और विकासनगर क्षेत्रों में अस्थायी एवं स्थायी पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है। ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल और कालीकमली आश्रम पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। मसूरी में किंग क्रेग, पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड और कंपनी गार्डन रोड पार्किंग चिन्हित की गई हैं। देहरादून शहर में परेड ग्राउंड, रेंजर्स ग्राउंड, एमडीडीए पार्किंग और मल्टीलेवल पार्किंग को उपयोग में लाया जाएगा।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा से पहले रूट प्लान की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करें तथा ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।
साथ ही लोगों से अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करने और धैर्य बनाए रखने की भी अपील की गई है। ट्रैफिक संबंधी अपडेट्स के लिए देहरादून पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को फॉलो करने की सलाह दी गई है।

