उत्तरकाशी में स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 9.04 ग्राम बरामद

उत्तरकाशी/12 अप्रैल 2026
उत्तरकाशी में स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 9.04 ग्राम बरामद
उत्तरकाशी। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 9.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, मनेरा बाईपास स्थित ऋषिराम स्कूल के पास देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने शुभम (28) निवासी ज्ञानसू और विनोद लाल (36) निवासी ज्ञानसू को क्रमशः 4.73 ग्राम व 4.31 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद के खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज है और दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी है और किसी भी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक 9 मामलों में 12 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 6 किलोग्राम से अधिक चरस व 9.04 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।

