उत्तराखंड अग्निशमन सेवा को मिले प्रशिक्षित फायर स्टेशन सेकंड ऑफिसर

पहली बार नवनियुक्त एफएसएसओ का आधारभूत प्रशिक्षण पूरा, ओडिशा में छह माह चला प्रशिक्षण
देहरादून। 7 अगस्त
उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। विभाग में पहली बार नवनियुक्त फायर स्टेशन सेकंड ऑफिसर (एफएसएसओ) रिक्रूटों का आधारभूत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड, देहरादून विम्मी सचदेवा भी मौजूद रहीं।
नवनियुक्त एफएसएसओ अधिकारियों का आधारभूत प्रशिक्षण 19 जनवरी 2026 से ओडिशा में शुरू हुआ था। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक अग्निशमन तकनीकों के साथ ही आपदा प्रबंधन, बचाव कार्य, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा अग्निशमन एवं आपात सेवाओं से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
कठोर प्रशिक्षण के बाद तैयार हुए इन अधिकारियों से उत्तराखंड में अग्निशमन एवं आपात सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपदा एवं आकस्मिक घटनाओं के दौरान त्वरित राहत-बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।
पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा विम्मी सचदेवा ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी नवनियुक्त एफएसएसओ अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करेंगे।

