गंगा में छलांग लगाकर जान देने जा रही युवती को पुलिस ने बचाया, राफ्टिंग गाइड बना ‘रियल हीरो

’
Lok Kesari News
ऋषिकेश/टिहरी, 18 अप्रैल 2026
मुनि की रेती पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही एक 22 वर्षीय युवती की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस, जल पुलिस और एक राफ्टिंग गाइड की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित मयूर विहार निवासी एक व्यक्ति ने थाना मुनि की रेती पहुंचकर सूचना दी कि उनकी पुत्री ने वीडियो भेजकर आत्महत्या करने की बात कही है। युवती ने अपनी लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र की भेजी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सर्च अभियान शुरू कराया। टीम ने तपोवन, नीम बीच, साई घाट, ओंकारानंद घाट और शत्रुघन घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान युवती की लोकेशन साई घाट के पास मिली, जहां वह गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रही थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जल पुलिस ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान राफ्टिंग गाइड दीना कुमार ने साहस का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण सहयोग किया।
कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि युवती पारिवारिक कारणों से मानसिक तनाव में थी और देहरादून की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
युवती की माता ने बेटी को सुरक्षित पाकर टिहरी पुलिस और रेस्क्यू टीम का आभार जताया। इस साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और संवेदनशीलता से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

