जनगणना के सवालों पर कांग्रेस का एतराज, निजी जिंदगी में दखल का आरोप

Lok Kesari News
ऋषिकेश/ 17 अप्रैल 2026
जनगणना में पूछे जा रहे सवालों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है। प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता कैश खुराना ने कहा कि जनगणना जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इसे पारदर्शी एवं संतुलित तरीके से किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना फार्म में ऐसे कई सवाल शामिल किए गए हैं, जो लोगों की निजी जिंदगी से जुड़े हैं और तर्कसंगत नहीं हैं। उनके अनुसार, घर के कमरों की संख्या, शौचालय की प्रकृति, मकान की संरचना (लकड़ी या सीमेंट), लैपटॉप, मोबाइल फोन, खाद्य सामग्री और ईंधन से जुड़े प्रश्न व्यक्तिगत जीवन में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हैं।
कैश खुराना ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनगणना के खिलाफ नहीं है, लेकिन निजी जीवन से जुड़े सवालों को शामिल किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी अपने विधायकों और जनप्रतिनिधियों को एकजुट कर संघर्ष करेगी।
इस दौरान पार्षद विवेक भूषण विक्की और दिव्यांश शर्मा ने भी जनगणना के सवालों पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए इसे आम जनता की निजता से जुड़ा मामला बताया।
