नशे के खिलाफ ऋषिकेश में सामूहिक संकल्प, मेयर बोले—युवाओं को बचाने के लिए समाज को एकजुट होना होगा

ऋषिकेश/ 10 अगस्त 2026
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताते हुए नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सरकार, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर निर्णायक भूमिका निभानी होगी।
ब्रह्माकुमारीज, ऋषिकेश की ओर से नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर शंभू पासवान ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा यह अभियान विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और रचनात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक क्षमता को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर डालती है। ऐसे में नशे के खिलाफ केवल सरकारी स्तर पर प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
मेयर ने कहा कि नशामुक्त समाज केवल अभियान से नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प और निरंतर जनजागरूकता से बनेगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें।
कार्यक्रम में उपनगर आयुक्त अंकिता जोशी, पार्षद दिनेश रावत, पूर्व पार्षद शिव कुमार गौतम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

