Newsउत्तराखंडकाशीपुरजसपुरटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हल्द्वानी बैठक में सीएम धामी के कड़े निर्देश

हल्द्वानी। 11 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के प्रशासनिक, पुलिस, वन और विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने और वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल में विशेष निगरानी रखने को कहा।
पर्यटन सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन सुदृढ़ करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बैठक में जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान, भूजल स्तर में सुधार और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने को कहा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।