महिला दिवस पर सशक्तिकरण का संदेश, योग और आत्मनिर्भरता पर जोर

ऋषिकेश/18जून 2026
ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि संगठन द्वारा जिला प्रभारी सुनीता खंडूरी के नेतृत्व में सामुदायिक भवन गुमानीवाला में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता एवं “आस” संस्था की संस्थापक हेमलता दीदी रहीं। उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की याद दिलाता है, लेकिन आज भी महिलाओं को पुरुषों के बराबरी का दर्जा पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं कभी भी कठिन परिस्थितियों से नहीं घबराई हैं और आगे भी नहीं घबराएंगी। साथ ही उन्होंने महिलाओं से आधुनिक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और जिम्मेदारियों का संतुलन बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक सुनीता खंडूरी ने महिलाओं को योग के प्रति नियमित और समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि एक महिला योग अपनाती है तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है, जिससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नीलम चमोली द्वारा किया गया। उन्होंने महिला दिवस 2026 की थीम “दान से लाभ” के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि एक महिला कोई कौशल सीखती है, तो उसे अन्य महिलाओं को भी सिखाना चाहिए, जिससे सभी को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर अंजु रस्तोगी, शीतल शर्मा, रजनी धीमान, रुकमा व्यास, संगीता राणा, बीना चमोली सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने महिलाओं को एकजुट होकर सशक्त बनने का संदेश दिया।

