Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

रामझूला पुलिस की सतर्कता से श्रद्धालु को मिला खोया बैग, नगदी व दस्तावेज सुरक्षित लौटाए


ऋषिकेश। 11 may 2026

तीर्थनगरी ऋषिकेश में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात रामझूला पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और ईमानदारी का परिचय दिया। चौकी रामझूला पर ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल बारूदत्त शर्मा एवं PRD जवान विमल सिंह ने एक श्रद्धालु का खोया हुआ बैग खोजकर सकुशल वापस लौटाया।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर, मध्य प्रदेश निवासी श्रद्धालु कपिल कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी कि उनका बैग रामझूला क्षेत्र में कहीं गुम हो गया है। बैग में ₹11,600 की नगदी के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और क्षेत्र में व्यापक खोजबीन शुरू की गई। संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली और बैग सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद श्रद्धालु कपिल कुशवाहा को चौकी रामझूला बुलाकर उनका बैग, नगदी और सभी दस्तावेज सुरक्षित सुपुर्द किए गए। अपना खोया सामान वापस पाकर श्रद्धालु और उनके साथियों ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
रामझूला पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।