Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास

Lok Kesari News
दे

हरादून। 16 अप्रैल 2026

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन परिसर में प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत विभिन्न विभागों एवं सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और सुविधा सुनिश्चित हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम भवन में समेकित डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। द्वितीय भवन में सूचना परिसर एवं कैफेटेरिया, तृतीय भवन में लोक निर्माण विभाग कार्यालय तथा चतुर्थ भवन में उद्यान विभाग कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। सभी भवन पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप तैयार किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी त्वरित और बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि एकीकृत अवसंरचना से विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समय पर मिल सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के उपयोग से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारीगरों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।