Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनस्वास्थ

श्रीनगर/देवप्रयाग: स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

Lok Kesari News

श्रीनगर। 15 अप्रैल 2026

उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को राजकीय उपजिला चिकित्सालय, श्रीनगर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की मूल आधारशिला होते हैं, और सरकार इन दोनों क्षेत्रों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, साथ ही जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
देवप्रयाग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हलचल देखी गई, वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जताई