सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही पर डीएम नाराज

हरिद्वार / 11 मई 2026
हरिद्वार। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 30 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और सीवर लाइन जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम लालढांग की सुमन देवी, ज्योति देवी और राजन देवी ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जा और खेत में नाले का पानी छोड़े जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं गंगदासपुर के मांगेराम और राजवीर ने विस्थापित भूमि पर कब्जे के प्रयास की शिकायत करते हुए पैमाइश कराने की मांग की।
अतमलपुर बोगला निवासी दिनेश कुमार ने अपनी भूमि को दोबारा आबादी दर्ज कराने की मांग रखी, जबकि बहादराबाद क्षेत्र के मुकेश कुमार ने घर के सामने छोड़े जा रहे गंदे पानी से हो रही परेशानी को लेकर शिकायत दर्ज कराई। मोहन इंक्लेव कॉलोनी के लोगों ने सीवर लाइन निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में दोबारा आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर समाधान किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि 36 दिनों से अधिक समय से कई शिकायतें लंबित हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से तत्काल संपर्क कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

