सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को भावभीनी विदाई, अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान

ऋषिकेश। मई 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मियों के सम्मान में पुलिस कार्यालय ऋषिकेश में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना की तथा उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मी पुलिस परिवार के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार भविष्य में भी उनकी हरसंभव सहायता और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
इस दौरान सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनसे प्राप्त सीख के बारे में बताया। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन अनुभवों से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
विदाई समारोह में अग्निशमन अधिकारी किशोर उपाध्याय, उपनिरीक्षक पुलिस संचार विजय प्रकाश, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस भागीरथ प्रसाद तथा अपर मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस देवी सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

