Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारी शुरू, बर्फ हटाने को सेना-ट्रस्ट की टीम रवाना

Lok Kesari News
चमोली। 15 अप्रैल 2026

विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हेमकुंट साहिब की यात्रा को सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड और गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादारों की संयुक्त टीम ट्रैक से बर्फ हटाने के लिए रवाना हो गई है।
बुधवार को अरदास के पश्चात ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने टीम को गोविंदघाट से घांघरिया के लिए रवाना किया। यह टीम घांघरिया में ठहरकर प्रतिदिन भारी बर्फ को काटते हुए मार्ग को साफ करेगी।
बताया गया कि एक सप्ताह पूर्व भेजी गई रेकी टीम ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब मार्ग का सर्वेक्षण किया था। इस दौरान हेमकुंट साहिब और अटलकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में 8 फीट से अधिक बर्फ जमी पाई गई थी, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध है।
सेना के जवानों और सेवादारों के संयुक्त प्रयासों से उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी तीन सप्ताह के भीतर मार्ग को पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा।
गौरतलब है कि आगामी 23 मई 2026 को हेमकुंट साहिब के पवित्र कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। प्रशासन और ट्रस्ट द्वारा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।