Postउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनराजनीतीरुड़कीहरिद्वार

आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने पर जोर, जिला स्तर पर बेहतर व्यवस्था के निर्देश



देहरादून।6अप्रैल 2026
प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आपदा से पहले, आपदा के दौरान और आपदा के बाद किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य बनाने की दिशा में काम किया जाए। इसके लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए जिला स्तर पर व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है। जिलों में कम्युनिकेशन सिस्टम बेहतर होना चाहिए, ताकि आपदा की सूचना तुरंत मिल सके और राहत व बचाव कार्य जल्दी शुरू किए जा सकें। उन्होंने ग्राम स्तर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सूचना देने से जुड़े उपकरण और प्रशिक्षण देने की बात भी कही।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर आपदा मित्र और आपदा सखी बनाए जाएं। इन्हें राहत और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाए और जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही इनके लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदाओं के पूर्वानुमान पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। प्रदेश की

संवेदनशील झीलों के संबंध में वाडिया हिमालय भू विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञों से सलाह लेकर जरूरी कदम उठाने को भी कहा गया।
मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बार-बार भूस्खलन की घटनाएं होती हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर उपचारात्मक कार्य किए जाएं। साथ ही जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन से जुड़ी बैठकों का रोस्टर बनाया जाए।
बैठक में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन, संयुक्त सचिव एन.एस. डुंगरियाल, यूएसडीएमए के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी सहित अन्य अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।