चारधाम यात्रा को लेकर नगर निगम ऋषिकेश की बैठक, यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता

ऋषिकेश। 6 अप्रैल 2026
आगामी चारधाम यात्रा को सुगम बनाने और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए नगर निगम ऋषिकेश में सोमवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आईएसबीटी परिसर स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर शंभू पासवान ने की।
बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष चर्चा की गई। महापौर शंभू पासवान ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन यात्रियों की ऋषिकेश में होटल बुकिंग है या जो सीधे ऋषिकेश नगर क्षेत्र में आना चाहते हैं, उन्हें किसी भी मार्ग से डायवर्ट नहीं किया जाए। उन्हें सीधे ऋषिकेश आने दिया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर ने शहर के मुख्य मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और बिना अनुमति के लगाई जा रही रेड़ी-ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में पॉलीथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध और सीएंडडी वेस्ट के सही निस्तारण पर जोर दिया गया।
बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़कों के किनारे लगे विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग्स हटाने के निर्देश भी दिए गए, जो यातायात में बाधा बन रहे हैं।
बैठक में पुलिस प्रशासन, एआरटीओ, मंडी समिति, व्यापार मंडल और विभिन्न परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
इस मौके पर नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एआरटीओ रश्मि पंत, मंडी समिति के देवेंद्र कुमार और जय प्रकाश नारायण, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह गुनसोला और अनंत राम भट्ट, टैक्सी-ऑटो यूनियन के अमर सिंह रावत, हेमंत डंग, विजेंद्र कंडारी सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

