ऋषिकेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम किया रोशन

ऋषिकेश/5 अप्रैल 2026
चेन्नई में 25 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित चार दिवसीय स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग में तीर्थनगरी ऋषिकेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया । रेनबुकई कराटे एकेडमी, गीता नगर एवं रायवाला की छात्राएं दीया बिष्ठ, काजल चौधरी और सलोनी ने कांस्य पदक जीतकर सफलता हासिल की, जबकि आरोही ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया । प्रतियोगिता से लौटने पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के देहरादून रोड स्थित कार्यालय में खिलाड़ियों एवं उनके कोच कमल सिंह बिष्ठ का माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी एवं उपाध्यक्ष विरेन्द्र नौटियाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कोच कमल सिंह बिष्ठ ने कहा कि आज के समय में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस सबसे बड़ा सशक्त हथियार है। किकबॉक्सिंग आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आत्मरक्षा की शक्ति भी प्रदान करती है। डॉ. राजे नेगी ने शिक्षा के साथ खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 800 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं में खेल एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर सुधीर चौधरी, अभिषेक गुप्ता, करण कुमार, मनोज नेगी, अलका बिष्ठ एवं दीपा गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

