कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मोपिन फेस्टिवल की गोल्डन जुबली में लिया भाग

देहरादून/इटानगर, 05 अप्रैल। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में आयोजित मोपिन फेस्टिवल की गोल्डन जुबली समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को मोपिन फेस्टिवल की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने स्थानीय जनजातीय परंपराओं एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करते हुए उत्सव का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि मोपिन फेस्टिवल प्रकृति, कृषि और समृद्धि का प्रतीक है, जो भारत की विविध संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन देश की एकता और अखंडता को मजबूत करते हैं तथा विभिन्न राज्यों के बीच भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। “हमारे तीज-त्योहार ही हमें एक सूत्र में बांधते हैं। मोपिन फेस्टिवल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, आस्था, संस्कृति और सामूहिक एकता का जीवंत प्रतीक है, जो जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता का संदेश देता है,” उन्होंने कहा।
ज्ञात हो कि मोपिन फेस्टिवल अरुणाचल प्रदेश की गालो जनजाति का प्रमुख पारंपरिक पर्व है, जिसे हर वर्ष बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह मुख्य रूप से कृषि से जुड़ा त्योहार है, जिसमें अच्छी फसल, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की जाती है। इस दौरान “मोपिन आनी” की पूजा-अर्चना की जाती है तथा “पोपिर” नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में समूह नृत्य करती हैं।
इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री तुमके बागरा, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गुमसेन लोलेन, प्रदेश महासचिव कागे दाबी, प्रदेश उपाध्यक्ष तारह सीता, जोमगे चिन्यो सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
