News

वीकेंड पर दून पुलिस का “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक”, 600 से अधिक लोगों से पूछताछ, कई गिरफ्तार

देहरादून। 5अप्रैल 2026

वीकेंड पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर एसपी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में पब, बार, होटल और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी कर व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक दर्जन से अधिक वांछित एवं आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो अभियुक्तों सहित तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन वाहन भी बरामद किए हैं।
वांछित अपराधियों की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान 09 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं अपने प्रतिष्ठानों में बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले दो प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और रेस्टोरेंट में शराब पीते पाए गए 44 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जिन्हें सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने 600 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की, जबकि 100 से अधिक लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट में चालान किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 09 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। वहीं 90 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम में चालान कर 52,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 30 वाहन चालकों के न्यायालय चालान कर 32 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।