चारधाम यात्रा से पहले ऋषिकेश में परिवहन विभाग की सख्ती, 60 से अधिक वाहनों के चालान

Lok Kesari News
ऋषिकेश/ 29 अप्रैल 2026
चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को ऋषिकेश क्षेत्र में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) कार्यालय द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान निजी वाहनों में अवैध रूप से चारधाम यात्रा की सवारियां ले जाते हुए पकड़े गए 5 वाहनों के चालान कर उन्हें कार्यालय में निरुद्ध किया गया। वहीं निर्धारित सीटिंग क्षमता से अधिक सीट लगाकर संचालन कर रही 3 बसों को भी जब्त किया गया।
इसके अलावा ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से यात्रियों को ले जा रहे हरियाणा राज्य के 2 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें भी कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। हरिपुर कला क्षेत्र में एक निजी वाहन द्वारा विद्यालय के छात्रों का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर उसे भी निरुद्ध किया गया।
परिवहन कर अधिकारी हरीश सती के नेतृत्व में देवप्रयाग तक चलाए गए सघन अभियान में दो दिनों के भीतर 60 वाहनों के चालान किए गए तथा 6 वाहनों को सीज किया गया।
वहीं आईएसबीटी क्षेत्र में अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ बाईक स्क्वाड BS07 द्वारा कार्रवाई करते हुए कुल 13 चालान किए गए। इनमें नो पार्किंग, बिना फिटनेस, बिना टैक्स, बिना हेलमेट, ओवरलोड सवारी, बिना बीमा, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना सीट बेल्ट जैसे मामलों में कार्रवाई शामिल रही।
योग नगरी रेलवे स्टेशन और नटराज चौक क्षेत्र में जाम की शिकायतों के मद्देनजर बाईक स्क्वाड BS10 द्वारा भी सख्त कार्रवाई की गई। यहां कुल 17 चालान किए गए, जिनमें नो पार्किंग और ओवरलोड सवारी प्रमुख रहे।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

