चारधाम यात्रा 2026: नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्ती, कई ट्रैवल एजेंसियों पर कार्रवाई

Lok Kesari News
ऋषिकेश। 23 अप्रैल 2026
चारधाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय ऋषिकेश द्वारा क्षेत्र में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन कर वाहन संचालित करने वाले चालकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से अनधिकृत रूप से फुटकर सवारी बिठाने वाले वाहनों, निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले वाहनों तथा अन्य राज्यों से आकर अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान कई ऐसे वाहन भी पकड़े गए जो विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से बिना ट्रिप कार्ड और ग्रीन कार्ड के चारधाम यात्रा पर सवारियां ले जा रहे थे। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान और अन्य विधिक कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ ट्रैवल एजेंट अनधिकृत रूप से यात्रियों से अधिक किराया वसूल कर वाहन स्वामियों को कम भुगतान कर रहे हैं, जिससे वाहन स्वामी और यात्रियों दोनों का शोषण हो रहा है। इस पर संबंधित ट्रैवल एजेंसियों को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई है।
एआरटीओ कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी ट्रैवल एजेंट या एजेंसी द्वारा चारधाम यात्रा के दौरान लापरवाही बरती गई, तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे अधिकृत वाहनों का ही उपयोग करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

