Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

जनसंवाद में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, विकास कार्यों के लिए 35 लाख की सौगात


खतियाड़, कुड्डी और मौण में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया जनसंवाद, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

नरेंद्रनगर।7 अगस्त 2026

विधानसभा क्षेत्र नरेंद्रनगर की ग्रामसभा खतियाड़, कुड्डी एवं मौण में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्रामसभाओं में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए विधायक निधि से 35 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई। मंत्री ने कहा कि स्वीकृत धनराशि से क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसंवाद के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।