Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनप्रमुख कार्यक्रमरुड़कीहरिद्वार

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया 28वें सावन ज्योत महोत्सव का शुभारंभ, हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब

शोभायात्रा के साथ हर की पौड़ी पहुंची सावन ज्योत, मां गंगा में विधि-विधान से किया गया समर्पण

हरिद्वार, 23 अगस्त। श्री सावन ज्योत सभा (रजि.), करनाल के तत्वावधान में आयोजित 28वां सावन ज्योत महोत्सव रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। भूपतवाला स्थित श्री जगदीश स्वरूप आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विधिवत ज्योत प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
महोत्सव के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को सावन ज्योत महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां गंगा का विधिवत पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इसके बाद श्री जगदीश स्वरूप आश्रम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों के बीच शोभायात्रा हरिद्वार के विभिन्न मार्गों से होती हुई हर की पौड़ी पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ सावन ज्योत को मां गंगा में समर्पित किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर श्री सावन ज्योत सभा के प्रधान किशोर नागापाल, चेयरमैन कैलाश सचदेवा, सचिव जीतेन्द्र कटारिया सहित गुलशन छाबड़ा, गुरुचरण चौधरी, विनोद चौधरी, लव सेठिया, अजय धीमान, भास्कर रहेजा और श्याम छाबड़ा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि सावन ज्योत महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। मां गंगा की पावन धारा से श्रद्धालुओं को जोड़ना और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है। सफल आयोजन के लिए सभा की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया गया।