तहसील दिवस में 146 शिकायतें दर्ज, 51 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार, 7 अप्रैल 2026:
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अप्रैल माह के प्रथम मंगलवार को सभी तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संबंधित उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनपद स्तर पर आयोजित इन तहसील दिवसों में कुल 146 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 51 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
तहसील हरिद्वार में उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां चकबंदी, भूमि पैमाइश, अभिलेखों में सुधार और अतिक्रमण हटाने से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
तहसील रुड़की में अपर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में 27 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 10 का समाधान किया गया। शिकायतों में राशन कार्ड, नालों की सफाई और भूमि विवाद शामिल रहे।
तहसील भगवानपुर में उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में 14 शिकायतें आईं, जिनमें 8 का मौके पर निस्तारण हुआ। वहीं तहसील लक्सर में उपजिलाधिकारी सौरभ असवाल की अध्यक्षता में सर्वाधिक 63 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 15 का समाधान किया गया।
तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

