रातभर चला ‘ऑपरेशन प्रहार’: दून में अपराधियों में हड़कंप, 15 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। 7 अप्रैल 2026
जनपद में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीती रात पूरे जिले में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया गया। देर रात तक चली इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और ठिकानों पर औचक दबिश दी। इस कार्रवाई में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें नशा तस्करी में लिप्त 8 अभियुक्त शामिल हैं, जिनके कब्जे से 6 किलो से अधिक अवैध गांजा, 4 पेटी अवैध शराब और चरस बरामद की गई। इसके अतिरिक्त एक प्रतिष्ठान में अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। वहीं 13 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 4 लोगों को भी गिरफ्तार किया
देर रात चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने 900 से अधिक लोगों की चेकिंग की, जिनमें से 62 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए, जबकि 82 वाहन चालकों का चालान कर 43,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही 48 मामलों में न्यायालय चालान कर 34 वाहन सीज किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर रोक और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
