News

प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति पर मुख्य सचिव की सख्ती, जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून।23 मार्च 2026

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घरेलू व व्यवसायिक सिलेंडरों की मांग के अनुरूप समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जनपदवार गैस आपूर्ति की जानकारी लेते हुए कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को भी निर्बाध गैस आपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को एलपीजी स्टेट कोऑर्डिनेटर के साथ लगातार समन्वय बनाकर आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।

न्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से नए शहरी क्षेत्रों में शामिल हुए इलाकों को तेल कंपनियों के सिस्टम में अपडेट कराने की कार्रवाई करने को भी कहा, ताकि वहां गैस आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके।

मुख्य सचिव ने पीएनजी आधारित गैस कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर देते हुए व्यावसायिक संस्थानों को इसके लिए प्रेरित करने की बात कही। साथ ही गैस के विकल्प के रूप में पिरुल ब्रिकेट को बढ़ावा देने पर बल दिया, जिससे एलपीजी की खपत कम होने के साथ-साथ चीड़ के जंगलों से पिरुल का निस्तारण भी हो सकेगा।

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैन्नई, सचिव विनोद कुमार सुमन, आनन्द स्वरूप तथा डीजी यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।