News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुआ है: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। 23 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर परेड ग्राउंड में आयोजित “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹401.86 करोड़ की 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें ₹99.44 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास और ₹302.42 करोड़ की 41 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुआ है। पिछले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और उद्योग, स्टार्टअप व रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। साथ ही अतिक्रमण हटाने और समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए हैं।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो में भाग लिया और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।