Newsउत्तराखंडक्राइम न्यूज़ताजा खबरताज़ा ख़बरेंरुड़कीहरिद्वार

प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: शादी के दबाव से तंग प्रेमी ने कराई प्रेमिका की हत्या


हरिद्वार,
चंडी देवी मंदिर रोपवे के निकट जंगल में मिले अज्ञात महिला के नग्न शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझाते हुए तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों में उत्पन्न विवाद के चलते महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से घटना को अपने गृह जनपद से सैकड़ों किलोमीटर दूर हरिद्वार में अंजाम दिया था।
गत 10 मई को थाना श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि चंडी देवी मंदिर के पास टूटे हुए पैदल मार्ग पर घनी झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास से दो कुंडल, टूटा हुआ मंगलसूत्र, सफेद गमछा तथा महिला के गले में कसकर बंधा ब्लाउज बरामद हुआ। शव काफी सड़-गल चुका था, जिससे पहचान करना लगभग असंभव हो गया था।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच की जिम्मेदारी एसपी क्राइम निशा यादव को सौंपी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान स्थापित करना और हत्यारोपियों तक पहुंचना था।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथों पर बने टैटू महत्वपूर्ण सुराग के रूप में मिले। एक हाथ पर अंग्रेजी में “KAUSHILYA” तथा दूसरे हाथ पर “K.R.” अंकित था। पुलिस ने डीसीआरबी, एससीआरबी और एनसीआरबी के माध्यम से पहचान के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के पांच किलोमीटर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आंधी-तूफान के कारण कई कैमरे क्षतिग्रस्त होने के बावजूद टीम ने हजारों घंटों की फुटेज और लाखों मोबाइल नंबरों के डाटा का विश्लेषण किया। इसी दौरान 8 मई की फुटेज में तीन संदिग्ध पुरुषों के साथ एक महिला चंडी देवी की ओर जाते दिखाई दी। लौटते समय महिला उनके साथ नहीं थी।
तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के आधार पर पुलिस बांदा (उत्तर प्रदेश) निवासी राकेश, रामप्रकाश उर्फ गोविंदा और छेदीलाल तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कौशल्या पत्नी पप्पू निवासी बांदा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। जांच में पता चला कि कौशल्या और रामप्रकाश के बीच प्रेम संबंध थे। रामप्रकाश पहले से विवाहित था, जबकि कौशल्या उस पर विवाह करने का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
आरोपी कौशल्या को दर्शन कराने के बहाने हरिद्वार लाए और चंडी देवी क्षेत्र में सुनसान स्थान पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। हालांकि हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच ने आरोपियों की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पिट्ठू बैग बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध हत्या एवं आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
इस जटिल और चुनौतीपूर्ण हत्याकांड के खुलासे में थाना श्यामपुर, सीआईयू हरिद्वार तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय के सबसे चुनौतीपूर्ण और उल्लेखनीय खुलासों में माना जा रहा है।