बैसाखी पर सीएम पुष्कर सिंह धामी से सिख प्रतिनिधिमंडल की भेंट, हेमकुंड साहिब रोपवे पर बड़ी चर्चा

देहरादून। बैसाखी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल में हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, किसान आयोग अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी सहित कई प्रमुख गणमान्य शामिल रहे। बिंद्रा ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सिख समुदाय के सम्मान एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं की कठिन यात्रा आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। साथ ही “वीर बाल दिवस” जैसे आयोजनों को सिख इतिहास और बलिदान की नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी को बैसाखी की बधाई देते हुए कहा कि सिख परंपरा और गुरबाणी के संदेशों ने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समुदाय के सम्मान और सुविधा के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना लगभग 1700–1800 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा मार्ग पर सड़क, स्वास्थ्य, आवास और सुरक्षा सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहित अन्य परियोजनाएं राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं, जिससे उत्तराखंड के समग्र विकास को नई गति मिल रही है।

