यात्रियों की सुरक्षा पर जोर: चारधाम यात्रा के वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड व्यवस्था लागू

हरिद्वार, 30 मार्च 2026
चारधाम यात्रा–2026 के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से परिवहन विभाग, उत्तराखंड द्वारा व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद, हरिद्वार में किया गया। इस प्रणाली का उद्घाटन परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने किया।
ग्रीन कार्ड प्रणाली के अंतर्गत चारधाम यात्रा में शामिल व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह व्यवस्था न केवल वाहनों की फिटनेस की पुष्टि करेगी, बल्कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में संबंधित वाहन की पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।
परिवहन विभाग के अनुसार वाहन स्वामी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ग्रीन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद निकटतम परिवहन कार्यालय में वाहन का तकनीकी निरीक्षण करवाने के उपरांत ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। इस पहल से चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक (आईटी) हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक (आईटी) रमन पुंडीर के प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

