News

कोटद्वार में हुड़दंगियों पर पुलिस का शिकंजा, 15 लोगों का चालान

पौड़ी/ 30 जनवरी 2026

पौड़ी पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 15 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा गया है। इसी के तहत कलालघाटी चौकी पुलिस ने दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे 15 व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मौके पर ही चालान किया गया। साथ ही पुलिस टीम ने सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और हुड़दंग करना कानूनन अपराध है, जिससे आमजन को असुविधा होती है और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।