सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

ऋषिकेश/20 मार्च 2026
मुनिकीरेती-ढालवाला/ स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने स्वच्छता के प्रति अपनी सोच को चित्रों और निबंधों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मॉडल स्कूल ढालवाला की छात्रा रूकमणी ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय तथा अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में विद्या निकेतन स्कूल की छात्रा अंशिका गौड प्रथम, स्वामी प्रेमानंद स्कूल की नेहा द्वितीय तथा लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की आयशा तृतीय स्थान पर रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मॉडल स्कूल की छात्रा आरूषी कैंतूरा ने प्रथम एवं निशा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पालिकाध्यक्ष द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता को अपनाकर ही स्वस्थ, सुंदर एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में सक्रिय भागीदारी की अपील की। अधिशासी अधिकारी ने भी बच्चों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़े का पृथक्करण कर निर्धारित वाहनों में देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, लिपिक विकास सेमवाल, पिंकी तड़ियाल, अध्यापक विनोद बिजल्वाण व अध्यापिका अनुपमा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

