हर ब्लॉक में बनेंगे 5 मॉडल गांव, पंचायतों के विकास पर सरकार का जोर

देहरादून। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ पंचायत विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में कुल 7817 ग्राम पंचायतें हैं और इनमें राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पंचायतीराज व्यवस्था की सबसे छोटी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए इनका समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने बताया कि सरकार की योजना है कि प्रत्येक ब्लॉक में लगभग पांच गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाए, ताकि इन गांवों के विकास को आधार बनाकर अन्य ग्राम पंचायतों को भी उसी तर्ज पर आगे बढ़ाया जा सके। मंत्री ने ग्राम पंचायतों में ड्रेनेज व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जिन पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं, वहां शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा हर वर्ष धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों को सुदृढ़ और समृद्ध बनाने के लिए पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य किए जाएं। उन्होंने पंचायतों की मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने और पंचायत भवनों का नियमित निरीक्षण करने की भी बात कही।
बैठक में विशेष सचिव पंचायतीराज पराग मधुकर धकाते, निदेशक निधि यादव, अपर सचिव श्याम सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

