Newsउत्तराखंडक्राइम न्यूज़ताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

ऋषिकेश में अवैध घुसपैठ का खुलासा: बांग्लादेशी महिला फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार

Lok Kesari News

ऋषिकेश, 15 अप्रैल 2026

तीर्थनगरी ऋषिकेश में पुलिस की सतर्कता से अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला पिछले करीब एक महीने से फर्जी दस्तावेजों के सहारे यहां रह रही थी। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस उपाधीक्षक नीरज सेमवाल ने बताया कि बुधवार को एलआईयू ऋषिकेश से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद्मेंद्र डोबाल के निर्देश पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में टीम गठित कर नटराज चौक क्षेत्र में सटीक सूचना पर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीना उर्फ रीता (24 वर्ष) पत्नी जुलहस, निवासी जिला शरियतपुर (ढाका डिवीजन), बांग्लादेश बताया। महिला ने स्वीकार किया कि वह करीब एक माह पूर्व “रिपोन” नामक व्यक्ति के माध्यम से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। उक्त व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर उसे भारत में रोजगार दिलाने का झांसा दिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 13 अप्रैल को आरोपी ने महिला को दिल्ली से ऋषिकेश भेजने के लिए बस टिकट उपलब्ध कराया था। साथ ही, पश्चिम बंगाल में उसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड भी बनवाया गया, जिससे वह भारत में अपनी पहचान छुपा सके।
तलाशी के दौरान महिला के पास से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, नागरिकता प्रमाण पत्र की प्रति तथा फर्जी भारतीय आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।